मुस्लिम देश के PM ने विजय थलपति को बताया ‘नई आवाज’, कहा- शुरुआत अच्छी हुई लेकिन आगे चुनौती

विजय थलपति को नई आवाज बताने वाले मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम

अनवर इब्राहिम ने विजय की कार्यशैली की तारीफ की

नई दिल्ली

मुस्लिम बहुल देश मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को “नई आवाज” बताया है। चेन्नई के थांथी टीवी को दिए इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि वह मुख्यमंत्री विजय थलपति के अब तक के शासन को किस तरह देखते हैं, तो उन्होंने उनकी कार्यशैली की तारीफ की। अनवर इब्राहिम ने कहा कि वह विजय थलपति को तर्क, सिद्धांत, मूल्यों और सुशासन की नई आवाज के तौर पर देखते हैं।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि सरकार चलाना इतना आसान नहीं होता और एक नेता को कई तरह के दबावों से निपटना पड़ता है। अनवर इब्राहिम ने कहा कि शासन व्यवस्था से जुड़े कई ऐसे पहलू होते हैं, जिन्हें अनुशासित करना या उन्हें समझाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि विजय ने अभी तक अच्छी शुरुआत की है, लेकिन उनके सामने चुनौती इस स्थिति को आगे भी बनाए रखने की होगी।

शासन में कई तरह के दबाव

मलेशियाई प्रधानमंत्री ने अपने सरकार चलाने के अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि शासन से जुड़े मुद्दे कई बार सुरक्षा, नस्ल और धर्म जैसे सवालों से जुड़ जाते हैं। उन्होंने कहा कि जब सरकार के कामकाज की बात होती है तो उसके साथ समुदायों और अलग-अलग समूहों की चिंताएं भी सामने आती हैं। उनके मुताबिक, अलग-अलग समुदायों के दबाव से भी सरकार को निपटना पड़ता है।

तिरुक्कुरल से लंबे जुड़ाव का जिक्र

अनवर इब्राहिम ने तमिल क्लासिक तिरुक्कुरल के साथ अपने लंबे जुड़ाव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कई दशक पहले उन्होंने अपने बजट भाषण में तिरुक्कुरल का इस्तेमाल किया था। उन्होंने इसे बहासा मलेशिया भाषा में अनुवाद करने के लिए भी कहा था। अनवर इब्राहिम ने कहा कि तिरुक्कुरल में बेहद मजबूत नैतिक संदेश है।

मलेशियाई प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री विजय के साथ प्रस्तावित मुलाकात को लेकर भी कहा कि इसकी संभावना अभी बनी हुई है। यह बैठक पुत्रजया या चेन्नई में हो सकती है। अनवर इब्राहिम के 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के बाद चेन्नई जाने की उम्मीद थी, लेकिन दोनों नेताओं के कार्यक्रमों का तालमेल नहीं बैठ पाने के कारण यह यात्रा नहीं हो सकी। अनवर के मुताबिक, विजय के कार्यालय की ओर से उनके कार्यक्रम में बदलाव की कोशिश की गई थी, लेकिन तमिलनाडु के मुख्यमंत्री की पहले से कुछ प्रतिबद्धताएं थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *