बांग्लादेश के मुस्तफिजुर ने IPL ऑक्शन में कराया रजिस्ट्रेशन: KKR टीम ने पिछले साल विवाद के बाद किया था रिलीज
बीसीबी अधिकारी शहरयार नफीस ने की रजिस्ट्रेशन की आधिकारिक पुष्टि
बांग्लादेश के स्टार बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान ने एक बार फिर दुनिया की सबसे बड़ी टी-20 लीग इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में वापसी करने के लिए कमर कस ली है। मुस्तफिजुर ने आगामी ‘आईपीएल-2027 मिनी ऑक्शन’ के लिए अपना नाम आधिकारिक रूप से पंजीकृत करा दिया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के वरिष्ठ अधिकारी शहरयार नफीस ने मीडिया से बातचीत में इसकी औपचारिक पुष्टि की है।
नफीस ने बताया कि यह मिनी ऑक्शन की एक सामान्य प्रक्रिया है, क्योंकि बीसीसीआई (BCCI) ने सभी सदस्य क्रिकेट बोर्डों से उन खिलाड़ियों की सूची मांगी है जो आगामी नीलामी में शामिल होने के इच्छुक हैं। मुस्तफिजुर के अलावा बांग्लादेश के छह अन्य प्रमुख खिलाड़ियों—नाहिद राणा, रिशाद हुसैन, हसन महमूद, तौहीद हृदोय, तस्कीन अहमद और शोरिफुल इस्लाम ने भी आईपीएल ऑक्शन के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। इस कदम के साथ मुस्तफिजुर रहमान आईपीएल ऑक्शन में एक बार फिर फ्रेंचाइजियों के आकर्षण का केंद्र बन गए हैं।
पिछले साल केकेआर ने 9.20 करोड़ में खरीदा था, विरोध के बाद किया था रिलीज
गौरतलब है कि मुस्तफिजुर रहमान का पिछला आईपीएल अनुभव बेहद विवादों भरा रहा था। पिछले सीजन की नीलामी में शाहरुख खान के सह-स्वामित्व वाली फ्रेंचाइजी ‘कोलकाता नाइट राइडर्स’ (KKR) ने उन्हें 9.20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम बोली लगाकर खरीदा था, जिससे वे आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे बांग्लादेशी खिलाड़ी बन गए थे। हालांकि, उसी दौरान बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे हमलों के विरोध में भारत में बांग्लादेशी खिलाड़ियों के आईपीएल में खेलने को लेकर भारी जन-विरोध शुरू हो गया था।
बढ़ते दबाव के बाद बीसीसीआई के निर्देश पर केकेआर प्रबंधन ने मुस्तफिजुर रहमान को टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही टीम से रिलीज कर दिया था। यह विवाद तब और अधिक गहरा गया था जब बांग्लादेश बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर भारत में टी-20 वर्ल्ड कप 2026 खेलने से इनकार कर दिया था और अपने मैच श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की थी। लेकिन आईसीसी (ICC) ने उनकी अपील खारिज कर दी थी और बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया था। ऐसे में मुस्तफिजुर रहमान आईपीएल ऑक्शन में उनकी वापसी पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
जनवरी 2027 में हो सकता है भारत का स्थगित बांग्लादेश दौरा
क्रिकेट प्रशासन से जुड़ी ताजा जानकारी के अनुसार, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को उम्मीद है कि भारत और बांग्लादेश के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट संबंधों में सुधार के साथ भारतीय टीम का प्रस्तावित बांग्लादेश दौरा जनवरी 2027 में आयोजित हो सकता है। उल्लेखनीय है कि यह दौरा पूर्व में अगस्त 2025 में निर्धारित था, लेकिन राजनीतिक अस्थिरता के कारण इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। इस प्रस्तावित दौरे में दोनों देशों के बीच 3 वनडे और 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाने हैं, हालांकि इसका नया आधिकारिक शेड्यूल अभी घोषित होना बाकी है। बहरहाल, मुस्तफिजुर रहमान आईपीएल ऑक्शन में किसी फ्रेंचाइजी द्वारा खरीदे जाते हैं या नहीं, यह देखना बेहद दिलचस्प होगा।
