सीएम विष्णुदेव साय से सकारात्मक चर्चा के बाद छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने की हड़ताल स्थगित करने की घोषणा: उच्चस्तरीय समिति बनेगी
वेतन विसंगति और पदोन्नति की मांगों के परीक्षण के लिए बनेगी उच्चस्तरीय समिति
छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने अपनी राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित करने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। रविवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से पटवारी संघ के पदाधिकारियों की औपचारिक मुलाकात हुई, जिसमें पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री साय से चर्चा करते हुए अपनी मांगों के संदर्भ में विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याओं को पूरे धैर्य और सहानुभूति के साथ सुना और स्पष्ट कहा कि कर्मचारियों की उचित मांगों का समाधान संवाद और आपसी समझ से ही होना चाहिए क्योंकि राज्य सरकार अपने कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।
मुख्यमंत्री साय ने पटवारियों की वेतन विसंगति एवं पदोन्नति संबंधी मांगों के परीक्षण के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं, जो संबंधित मांगों के विभिन्न पहलुओं का परीक्षण कर उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी। इस सकारात्मक पहल के चलते छत्तीसगढ़ पटवारी संघ हड़ताल स्थगित होने से आम नागरिकों और किसानों के राजस्व कार्यों में बड़ी राहत मिली है।
हड़ताल अवधि में हुई कार्यवाहियों पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हड़ताल अवधि के दौरान पटवारियों के विरुद्ध हुई प्रशासनिक कार्यवाहियों के संबंध में भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने दोहराया कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान संवाद और आपसी समझ के माध्यम से किया जाना चाहिए और राज्य सरकार कर्मचारियों की उचित मांगों के निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है। बहरहाल, छत्तीसगढ़ पटवारी संघ हड़ताल स्थगित होने के बाद सभी पटवारी सोमवार से अपने नियमित कामकाज पर लौट आएंगे।
