49 की उम्र में रिटायरमेंट, हर महीने 3 लाख रुपये की शुद्ध बचत के बाद भी मां को चिंता: पूछती हैं- दूसरी नौकरी क्यों नहीं ढूंढते?
निवेश से हर महीने 4 लाख की कमाई और 1 लाख से कम खर्च, फिर भी मां परेशान
आधुनिक दौर में ‘फाइनेंशियल इंडिपेंडेंस, रिटायर अर्ली’ (FIRE) यानी कम उम्र में पर्याप्त पूंजी जोड़कर नौकरी से रिटायरमेंट लेने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। लेकिन आर्थिक रूप से पूरी तरह आत्मनिर्भर होने के बाद भी भारतीय परिवारों की पारंपरिक सोच को यह फैसला समझाना कई बार बड़ी चुनौती बन जाता है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट (Reddit) के ‘r/leanFIRE_India’ फोरम पर 51 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी ऐसी ही दिलचस्प और भावुक कहानी साझा की है।
इस शख्स ने बताया कि उसने 49 वर्ष की आयु में ही अपनी कॉर्पोरेट नौकरी से रिटायरमेंट ले लिया था। उसने सालों की अनुशासित बचत और स्मार्ट निवेश के दम पर इतना बड़ा कोष तैयार कर लिया है कि आज उसके परिवार को निवेश और अन्य पैसिव स्रोतों से हर महीने करीब 4 लाख रुपये की नियमित कमाई होती है। उनके परिवार का कुल मासिक खर्च 1 लाख रुपये से भी कम है, यानी सभी खर्च निकालने के बाद भी हर महीने 3 लाख रुपये से ज्यादा की शुद्ध बचत हो जाती है। इसके बावजूद कम उम्र में रिटायरमेंट बचत का यह गणित उनकी बुजुर्ग मां को आश्वस्त नहीं कर पा रहा है।
‘दूसरी नौकरी क्यों नहीं ढूंढते?’: पीढ़ियों की सोच का दिलचस्प अंतर
उस व्यक्ति ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उसके परिवार में किसी को भी आजीविका के लिए नौकरी करने की कोई आवश्यकता नहीं है, फिर भी उनकी मां जब भी उनसे बात करती हैं तो नौकरी का मुद्दा जरूर उठाती हैं। मां बार-बार पूछती हैं कि वह दोबारा कोई दूसरी नौकरी क्यों नहीं ढूंढ रहा है? दरअसल, मां को इस बात का डर सताता है कि यदि हर महीने नियमित सैलरी नहीं आएगी, तो एक दिन उनकी सारी जमा पूंजी खत्म हो सकती है और भविष्य में परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ सकती है।
व्यक्ति ने लिखा कि वह अपनी मां को कई बार अपने निवेश रिटर्न, मासिक आय और खर्च का पूरा हिसाब समझा चुका है, लेकिन उनकी चिंता कम नहीं हुई। शख्स का मानना है कि वह अपनी मां की भावनाओं को समझता है, क्योंकि उनकी पीढ़ी में 60 साल की उम्र तक लगातार नौकरी करते रहना ही आर्थिक सुरक्षा का एकमात्र पैमाना माना जाता था। बहरहाल, कम उम्र में रिटायरमेंट बचत की यह कहानी सोशल मीडिया पर वित्तीय स्वतंत्रता और पीढ़ियों के नजरिए पर रोचक बहस छेड़ चुकी है।
