ट्रक चोरी साबित होने पर भी क्लेम से इनकार, अब बीमा कंपनी को लगा तगड़ा झटका: मेरठ के व्यक्ति को 12 साल बाद कंज्यूमर कमीशन से मिला न्याय
जांच में चोरी की पुष्टि होने के बाद भी ओरिएंटल इंश्योरेंस ने रिजेक्ट किया था क्लेम
जब भी कोई व्यक्ति नई गाड़ी या वाहन लेता है, तो उसको वित्तीय रूप से सुरक्षित रखने, खोने या चोरी होने पर बीमा कंपनी द्वारा क्लेम की राशि मिलने समेत अन्य सुरक्षा के लिए इंश्योरेंस कराता है। दरअसल, वह इंश्योरेंस इसलिए लेता है ताकि गाड़ी में किसी भी प्रकार की क्षति या नुकसान की भरपाई नियम के तहत करा सके। लेकिन, जरा सोचिए, अगर किसी ने अपने वाहन के लिए बाकायदा इंश्योरेंस लिया है और वाहन के चोरी हो जाने पर संबंधित कंपनी उसके बीमा क्लेम को रिजेक्ट कर दे तो क्या होगा? ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के मेरठ से सामने आया है।
यहां के एक व्यक्ति ने साल 2014 के जनवरी महीने में अपना टाटा 407 ट्रक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ट्रक चोरी की आधिकारिक पुष्टि हुई, लेकिन इसके बावजूद संबंधित बीमा कंपनी ‘ओरिएंटल इंश्योरेंस’ ने उसके क्लेम को रिजेक्ट कर दिया और बीमा राशि देने से इनकार कर दिया। अब इस मामले में करीब 12 साल बाद कंज्यूमर कमीशन ने बड़ा फैसला सुनाया है, जिससे बीमा कंपनी को तगड़ा झटका लगा है। इस निर्णय से ट्रक चोरी बीमा क्लेम फैसला आम वाहन मालिकों के लिए बड़ी नजीर बन गया है।
2014 में भोजपुर से चोरी हुआ था 1.2 लाख रुपये के बीमे वाला टाटा 407 ट्रक
हमारे सहयोगी ‘टीओआई’ (TOI) की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला मेरठ का है, जहां मोहद्दीनपुर गांव के रहने वाले हरबंस लाल ने 16 जून 2016 को ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के खिलाफ कंज्यूमर कमीशन में एक शिकायत दर्ज कराई थी।उन्होंने आयोग को बताया कि उन्होंने 3 अगस्त 2013 को अपने टाटा 407 ट्रक के लिए 1.2 लाख रुपये का बीमा कराया था। यह पॉलिसी पूरे एक साल के लिए वैध थी, लेकिन 27 जनवरी 2014 को भोजपुर से उनका यह ट्रक चोरी हो गया।
इसके बाद उन्होंने तत्काल शिकायत दर्ज कराई और भोजपुर पुलिस स्टेशन में एफआईआर (FIR) दर्ज की गई। साथ ही उन्होंने तुरंत बीमा कंपनी को चोरी के बारे में सूचित किया और तय समय के भीतर सभी जरूरी औपचारिकताएं भी पूरी कर ली थीं। इसके बावजूद क्लेम खारिज किए जाने पर आयोग ने बीमा कंपनी की सेवा में कमी मानते हुए पीड़ित पक्ष में फैसला सुनाया है। बहरहाल, ट्रक चोरी बीमा क्लेम फैसला बीमा कंपनियों की मनमानी के खिलाफ उपभोक्ताओं की बड़ी जीत है।
