भोपाल में लेडी इंस्पेक्टर की हत्या, प्रेमी ने किया सुसाइड; शादी को लेकर विवाद की आशंका

भोपाल में आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले हत्या मामले की तस्वीर

लेकपर्ल कॉलोनी में मिला महिला इंस्पेक्टर का शव

भोपाल। भोपाल की लेकपर्ल कॉलोनी के एक मकान में दतिया की आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले (45) का शव मिला है। उनके सिर पर चोटों के निशान पाए गए हैं। शव के पास ही खून से सना हथौड़ा भी पड़ा था। मीनाक्षी के प्रेमी पवन कुमार द्विवेदी (48) का भी इस मामले से संबंध सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, पवन मीनाक्षी से शादी करना चाहता था, जबकि मीनाक्षी इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है।

मीनाक्षी रविवार शाम करीब 7 बजे केयरटेकर कृतिका के साथ यहां पहुंची थीं। रात में कृतिका अपनी तीन साल की बेटी के साथ अंदर वाले कमरे में सोई थी। सोमवार सुबह करीब 7 बजे जब वह जागी तो बाहर वाले कमरे में मीनाक्षी का शव देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू की।

प्रेमी ने पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या की

पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात विवाद के बाद पवन ने मीनाक्षी के सिर पर हथौड़े से वार किया होगा। इसके बाद उसने घर से करीब 20 मीटर दूर एक पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को उसकी जेब से बैंक पासबुक भी मिली है। पुलिस का अनुमान है कि हत्या आंगन में की गई और आरोपी शव को घसीटकर घर के पहले कमरे में ले गया। इसके बाद कमरे को बाहर से लॉक कर दिया गया।

पवन के बारे में प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह मूल रूप से सीधी जिले का रहने वाला था और इंदौर में कोचिंग क्लासेस चला चुका था। मीनाक्षी गोखले और पवन की मुलाकात इंदौर में ही हुई थी। उस समय मीनाक्षी अविवाहित थीं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं। एडिशनल डीसीपी संजीव पाठक ने बताया कि करीब दो साल पहले मीनाक्षी का पति से तलाक हो चुका था और उनकी तीन साल की बेटी है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ साक्ष्यों की भी जांच कराई है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मामले की स्थिति और स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *