ब्लिंकिट की एंबुलेंस सेवा अब बेंगलुरु में भी शुरू: दिल्ली-एनसीआर में मिल रही खूब वाहवाही
डोमलर, इंदिरानगर, बीटीएम लेआउट और बोमनहल्ली में शुरू हुई सेवा, हायरिंग भी जारी
ब्लिंकिट की एंबुलेंस सेवा अब बेंगलुरु वासियों को भी मिलेगी। क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म ‘ब्लिंकिट’ (Blinkit) का संचालन करने वाली कंपनी ‘इटर्नल’ (Eternal) के सीईओ अलबिंदर सिंह ढींढसा ने खुद इसकी घोषणा की है। उल्लेखनीय है कि इसकी एंबुलेंस सेवा दिल्ली-एनसीआर वालों को पहले से ही मिल रही है और वहां यह सेवा इतनी हिट रही है कि इसके कुछ वेरिएंट पर शुल्क भी लगाना पड़ा है, साथ ही लोग इसकी खूब तारीफ भी करते हैं।
अलबिंदर सिंह ढींढसा ने दोपहर 12:10 बजे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक पोस्ट साझा कर बताया कि ब्लिंकिट की एंबुलेंस सेवा अब बेंगलुरु में लाइव हो गई है। हालांकि, वहां फिलहाल यह सेवा संपूर्ण महानगर में नहीं मिलेगी। ढींढसा ने कहा है कि शुरुआत में शहर के डोमलर, इंदिरानगर, बीटीएम लेआउट और बोमनहल्ली के इलाकों में इसकी सेवा मिलेगी।
यह भी पढ़ें: भोपाल: पेट्रोल पंप पर 2000 से ज्यादा बिल के लिए UPI भुगतान नहीं, हर महीने 17,400 रुपए का बोझ क्यों?
इसके अलावा उन्होंने बताया कि कंपनी की दूसरी एंबुलेंस ट्रेनिंग एकेडमी बेंगलुरु के होरामावु इलाके में ऑपरेशनल हो गई है, जबकि इससे पहले कंपनी ने गुरुग्राम में पहली एंबुलेंस ट्रेनिंग एकेडमी शुरू की थी और जल्द ही कुछ और एकेडमी आने वाली हैं। अलबिंदर सिंह ने यह भी कहा कि वे बेंगलुरु के लिए पैरामेडिक्स, एंबुलेंस चलाने वाले पायलट्स और जनरल ड्यूटी असिस्टेंट (GDA) की भर्ती भी कर रहे हैं, जिसके लिए उन्होंने ट्वीट में फॉर्म का लिंक दिया है। इस विस्तार से ब्लिंकिट एंबुलेंस सेवा बेंगलुरु के नागरिकों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है।
दिल्ली-एनसीआर में दुरुपयोग के बाद नॉन-इमरजेंसी ट्रांसफर पर लगा 2,500 रुपये शुल्क
गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर में ब्लिंकिट की एंबुलेंस सेवा बेहद लोकप्रिय रही है, लेकिन कुछ लोग इसका दुरुपयोग भी कर रहे थे। इसी कारण दिवाली से पहले यानी 5 नवंबर को कंपनी ने घोषणा की कि अब ब्लिंकिट की सभी एंबुलेंस सेवाएं फ्री नहीं होंगी।
ब्लिंकिट के संस्थापक दीपेंदर गोयल ने गुरुवार 5 नवंबर को ट्वीट कर बताया था कि उन्होंने यह सेवा सेवा-भाव से शुरू की थी और बीते दो साल के दौरान इसका लाभ करीब 42,000 केसेज में उठाया गया, लेकिन उनमें से महज 20,000 केसेज ही वास्तविक इमरजेंसी थे। बाकी केसेज रूटीन चेकअप, हॉस्पिटल विजिट और अस्पताल से घर लौटने वाले मरीजों के थे, जो आराम से उबर या अन्य प्राइवेट ट्रांसपोर्ट का लाभ ले सकते थे और उनके लिए फुल्ली इक्विप्ड एंबुलेंस की आवश्यकता नहीं थी।
यह भी पढ़ें: तुकाराम मुंढे का स्ट्रीट फूड पर बड़ा बयान, बोले- कारोबार बंद करना मकसद नहीं
इसलिए कंपनी ने तय किया कि अब सिर्फ इमरजेंसी ट्रांसफर ही पूरी तरह फ्री रहेगा, जबकि नॉन-इमरजेंसी ट्रांसफर के लिए ढाई हजार (2,500) रुपये चार्ज किए जाएंगे। बहरहाल, दिल्ली-एनसीआर में सरकारी एंबुलेंस से तुलना पाने वाली यह ब्लिंकिट एंबुलेंस सेवा बेंगलुरु में भी अपनी गुणवत्ता से लोगों का भरोसा जीतने को तैयार है।
