पॉलिसीधारक को बीमा कंपनियों की मनमानी से कैसे बचाता है मोरेटोरियम क्लॉज: जानें क्या है हेल्थ इंश्योरेंस में 60 महीने का सुरक्षा नियम

हेल्थ इंश्योरेंस मोरेटोरियम पीरियड के तहत 60 महीने के सुरक्षा नियम की जानकारी

60 महीने की अवधि पूरी होने के बाद मनमाने तरीके से खारिज नहीं हो सकता क्लेम

देश की कई बीमा कंपनियां लोगों को हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा देती हैं और जरूरत पड़ने पर लोग बीमा राशि को क्लेम करते हैं। कई बीमा कंपनियां पॉलिसीधारकों को क्लेम की राशि दे देती हैं, तो कुछ ऐसी भी होती हैं जो पैसा देने से मना कर देती हैं और क्लेम को रिजेक्ट कर देती हैं। बीमा कंपनियों की इसी मनमानी से पॉलिसीधारक को हेल्थ इंश्योरेंस का ‘मोरेटोरियम पीरियड’ (Moratorium Period) सुरक्षा प्रदान करता है।

यह भी पढ़ें: आईटी सेक्टर में मंदी: 2026 में कंपनियों की ग्रोथ 5% से कम रहने का अनुमान, कॉग्निजेंट ने घटाया लक्ष्य

हमारे सहयोगी ‘ईटी वेल्थ’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, एक्सपर्ट बताते हैं कि आपकी पॉलिसी में मौजूद मोरेटोरियम क्लॉज ऐसे मनमाने तरीके से क्लेम खारिज किए जाने के खिलाफ एक मजबूत सुरक्षा कवच प्रदान कर सकता है। दरअसल, हेल्थ इंश्योरेंस में मोरेटोरियम पीरियड एक ऐसी निर्धारित अवधि होती है, जिसके पूरे होने के बाद नियम के तहत पॉलिसीधारक अगर बीमा कंपनी से क्लेम करता है, तो उसका क्लेम रिजेक्ट नहीं हो सकता है। इस नियम के तहत हेल्थ इंश्योरेंस मोरेटोरियम पीरियड बीमाधारक को अनावश्यक विवादों से बचाता है।

इरडाई ने 2024 में 8 साल से घटाकर 5 साल (60 महीने) कर दिया था मोरेटोरियम पीरियड

उल्लेखनीय है कि देश की बीमा नियामक संस्था ‘इंश्योरेंस रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ इंडिया’ (IRDAI) ने साल 2019 में पहली बार आठ साल का मोरेटोरियम पीरियड लागू किया था। इसके बाद साल 2024 में इसे घटाकर पांच साल यानी 60 महीने कर दिया गया, जिससे लंबे समय से पॉलिसी रखने वालों की सुरक्षा और मजबूत हुई है।

इरडाई (IRDAI) के नियमों के अनुसार, हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी में लगातार 60 महीनों (जिसमें पोर्टेबिलिटी और माइग्रेशन भी शामिल हैं) के कवरेज पूरे होने के बाद, कोई भी बीमा कंपनी किसी भी पॉलिसी या क्लेम को इस आधार पर चुनौती नहीं दे सकती कि पॉलिसी लेते समय कोई जानकारी छिपाई गई थी या गलत तरीके से पेश की गई थी। बहरहाल, हेल्थ इंश्योरेंस मोरेटोरियम पीरियड हर पॉलिसीधारक के लिए जानना बेहद जरूरी है ताकि वह अपने अधिकारों की रक्षा कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *