ऑस्ट्रेलिया एयर सेफ्टी में सबसे सुरक्षित, 75 साल से नहीं हुआ बड़ा हादसा

ऑस्ट्रेलिया में एयर सेफ्टी और सुरक्षित एयरलाइंस

ऑस्ट्रेलिया एयर सेफ्टी में सबसे आगे

हाल में Flydubai के विमान में हुई एक घटना ने एयर सेफ्टी की दुनिया का ध्यान खींचा है। सवाल उठता है कि एयर सेफ्टी के मामले में कौन सा देश सबसे ऊपर है। आम तौर पर एयर सेफ्टी को देश-विशेष की राष्ट्रीय निगरानी संस्थाओं और ग्लोबल एयरलाइन रैंकिंग के आधार पर मापा जाता है। इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया को सबसे आगे माना जाता है।

इसकी वजह यह है कि ऑस्ट्रेलिया की किसी एयरलाइन के साथ हाल के वर्षों में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ है। इस लिस्ट में यूएई, हांगकांग और न्यूजीलैंड जैसे देश भी ग्लोबल सेफ्टी इंडेक्स में लगातार सबसे आगे रहते हैं। ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी ताकत उसकी एविएशन एजेंसी सिविल एविएशन सेफ्टी अथॉरिटी है। ऑस्ट्रेलिया की Qantas एयरवेज को अक्सर दुनिया की सबसे सुरक्षित एयरलाइन माना जाता है। साल 1988 की फिल्म ‘रेन मैन’ में भी इस एयरलाइन का जिक्र किया गया था कि इस एयरलाइन का कोई भी विमान कभी क्रैश नहीं हुआ।

Qantas का लंबा सुरक्षा रिकॉर्ड

Qantas का आखिरी जानलेवा हादसा 16 जुलाई, 1951 को हुआ था। कंपनी का एक विमान पापुआ न्यू गिनी में क्रैश हो गया था। इस हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद एयरलाइन के सुरक्षा रिकॉर्ड में लंबे समय तक कोई जानलेवा हादसा नहीं हुआ। 1952 में कमर्शियल विमानों में प्रोपेलर की जगह जेट इंजन लगने के बाद से Qantas के विमानों में कोई जानलेवा हादसा नहीं हुआ है। 23 सितंबर, 1999 को बैंकॉक एयरपोर्ट पर भारी बारिश और तूफान के दौरान एयरलाइन का विमान रनवे से आगे निकल गया था, लेकिन इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।

इसी तरह 25 जुलाई, 2008 को साउथ चाइना सी के ऊपर एक विमान में अचानक हवा का दबाव तेजी से कम हो गया। प्लेन को सुरक्षित मनीला डायवर्ट किया गया। 7 अक्टूबर, 2008 को इनर्शियल रेफरेंस यूनिट से डेटा की खराबी के कारण अचानक दो बार प्लेन का अगला हिस्सा नीचे की ओर झुक गया। इससे कई यात्रियों और क्रू सदस्यों को गंभीर चोटें आईं, लेकिन पायलटों ने विमान को सफलतापूर्वक लैंड कराया। 4 नवंबर, 2010 को इंडोनेशिया के बाटम द्वीप के ऊपर एक विमान में गड़बड़ी आई, लेकिन क्रू ने बिना किसी नुकसान के सिंगापुर में सुरक्षित लैंडिंग की।

अन्य सुरक्षित एयरलाइंस की स्थिति

ऑस्ट्रेलिया को दो अन्य विमानन कंपनियों वर्जिन ऑस्ट्रेलिया और जेटस्टार के विमान कभी हादसे का शिकार नहीं हुए हैं। Airline Ratings की दुनिया की सबसे सुरक्षित एयरलाइंस की लिस्ट में Qantas तीसरे और वर्जिन ऑस्ट्रेलिया नौवें नंबर पर है। लो-कॉस्ट एयरलाइन की लिस्ट में जेटस्टार दूसरे नंबर पर है। फुल सर्विस एयरलाइन की लिस्ट में सेफ्टी के हिसाब से यूएई की एयरलाइन एतिहाद सबसे ऊपर है। हांगकांग की कैथे पैसिफिक दूसरे, कतर एयरवेज चौथे और एमिरेट्स पांचवें नंबर पर है। इसके बाद एयर न्यूजीलैंड, सिंगापुर एयरलाइंस, ईवा एयर और कोरियन एयर का नंबर है।\ लो-कॉस्ट एयरलाइन में HK Express सबसे सुरक्षित मानी गई है। Scoot तीसरे और फ्लाईदुबई चौथे नंबर पर है। इसके बाद ईजीजेट, साउथवेस्ट, एयरबाल्टिक, वियतजेट एयर, विज एयर और एयर एशिया टॉप 10 में शामिल हैं। इस लिस्ट के टॉप 25 में भारत की कोई एयरलाइन शामिल नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *