खाने-पीने की चीजों पर फफूंद, FSSAI ने सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी का लाइसेंस सस्पेंड किया
FSSAI की बड़ी कार्रवाई
नई दिल्ली। फूड रेगुलेटर FSSAI ने सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए कंपनी का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। अथॉरिटी ने एक बयान में कहा कि जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। इसके बाद कंपनी के खिलाफ यह कार्रवाई की गई और सस्पेंशन के दौरान सभी तरह की फूड बिजनेस गतिविधियां बंद रखने का निर्देश दिया गया। FSSAI के मुताबिक जांच के दौरान साफ-सफाई और स्वच्छता की स्थिति खराब पाई गई। निरीक्षण में जलजमाव, बदबू, गंदगी और खाना बनाने वाली जगहों पर ठीक से सफाई नहीं होना शामिल था। टमाटर, पपीता, गुड़ और काजू पर फफूंद लगी मिली। इसके अलावा शिमला मिर्च सड़ी हुई थी और खाना पकाने का तेल काला पड़कर खराब हो चुका था।
खाद्य भंडारण में भी मिली कमियां
अथॉरिटी ने बताया कि खाना स्टोर करने में भी गंभीर कमियां पाई गईं। जांच में मीट और शाकाहारी खाने को अलग-अलग नहीं रखा गया था। मीट को सही तरीके से स्टोर नहीं किया गया था। कोल्ड स्टोरेज यूनिट में खाने की चीजों पर कंडेनसेशन का पानी टपक रहा था। इसके साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर और पेस्ट कंट्रोल में भी बड़ी कमियां सामने आईं। जांच के दौरान रेफ्रिजरेटर से लीकेज, बहुत ज्यादा बर्फ जमना, प्लास्टर झड़ना और कोल्ड स्टोरेज की कमी जैसी समस्याएं भी मिलीं। इसके अलावा हवा और रोशनी का इंतजाम खराब था। कॉकरोच और मक्खियों की मौजूदगी भी पाई गई। साफ-सफाई, रिकॉर्ड रखने और पानी की टेस्टिंग में भी नियमों का पालन नहीं किया गया था।
करीब 74 किलो खराब खाना नष्ट
एजेंसी ने कहा कि करीब 74 किलोग्राम खराब हो चुके खाने के सामान को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। कंपनी का कंप्लायंस स्कोर केवल 30 रहा, जिसे नॉन-कंप्लायंस माना गया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों के तहत सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। कंपनी को सस्पेंशन की अवधि के दौरान खाने से जुड़ी सभी बिजनेस गतिविधियां बंद रखने का निर्देश दिया गया है। FSSAI ने कहा कि उसका फोकस नियमों के पालन, साफ-सफाई और सुरक्षित खाद्य पदार्थों से जुड़ी प्रक्रियाओं को सुनिश्चित करने पर है। निरीक्षण में मिली कमियों के आधार पर कार्रवाई की गई है।
