यूपी से एमडी ड्रग्स लेकर भोपाल पहुंची महिला गिरफ्तार: एमपी नगर में ग्राहक का इंतजार करते दबोची गई, साथी भी पकड़ाया
एमपी नगर जोन-2 में शराब दुकान के सामने ग्राहक का इंतजार कर रही थी आरोपी
राजधानी भोपाल में सिंथेटिक ड्रग्स की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय क्राइम ब्रांच की टीम ने एक अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश से घातक ‘एमडी’ (मेफेड्रोन) ड्रग्स की खेप लेकर भोपाल पहुंची 38 वर्षीय महिला तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोपी महिला एमपी नगर जोन-2 स्थित एक अंग्रेजी शराब दुकान के सामने नशे की खेप बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रही थी। पुलिस ने महिला के कब्जे से 14.19 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.50 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में महिला द्वारा उगले गए राज के बाद पुलिस ने उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से भोपाल एमडी ड्रग्स महिला गिरफ्तार शहर के नशा तस्करों के लिए बड़ा झटका साबित हुई है।
हाई-प्रोफाइल लाइफस्टाइल के शौक में बनी नशे की आदी, साकेत नगर से साथी दबोचा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान मूल रूप से छिंदवाड़ा के रेलवे कॉलोनी निवासी और पिछले 10 वर्षों से भोपाल में रह रही श्रद्धा चौकीकर (38) के रूप में हुई है। मुखबिर से सटीक सूचना मिलने पर क्राइम ब्रांच की टीम ने दो स्वतंत्र गवाहों और महिला आरक्षक की मौजूदगी में घेराबंदी कर उसकी तलाशी ली, तो उसकी जैकेट की जेब से एक पारदर्शी पन्नी में सफेद क्रिस्टल रूपी 14.19 ग्राम एमडी बरामद हुई।
पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मादक पदार्थ जब्त कर सीलबंद किया।
सख्त पूछताछ में श्रद्धा ने स्वीकार किया कि वह शौक और हाई-प्रोफाइल लाइफस्टाइल के चलते नशे की आदी हो गई थी और दो दिन पहले ही अपने साथी राजेंद्र राय के साथ उत्तर प्रदेश गई थी, जहां से दोनों एमडी खरीदकर भोपाल लाए थे। महिला की निशानदेही पर पुलिस ने साकेत नगर स्थित रीगल होटल के पास दबिश देकर आरोपी राजेंद्र राय (37) को भी गिरफ्तार कर लिया। बहरहाल, भोपाल एमडी ड्रग्स महिला गिरफ्तार के बाद पुलिस अब यूपी के मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी है।
