मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा: MP में 25 सितंबर से नई बस सेवा शुरू
25 सितंबर से सेवा का शुभारंभ
मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा का शुभारंभ 25 सितंबर से किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नागरिकों को सुगम, सरल, सुरक्षित, आधुनिक और भरोसेमंद बस सेवा उपलब्ध कराना सरकार का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री के अनुसार मध्यप्रदेश में करीब 5 लाख किलोमीटर का रोड नेटवर्क है और 40 हजार से अधिक बसें चलाने का स्कोप है। नागरिकों के अलावा प्रदेश में हर साल आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं द्वारा भी बसों का इस्तेमाल किया जाता है। मुख्यमंत्री ने निजी बस ऑपरेटरों, बस निर्माता कंपनियों, इंडस्ट्री पार्टनर्स और स्टेकहोल्डर्स से अपील की कि वे बदलते समय में मध्यप्रदेश में बढ़ते अवसरों को पहचानें और विकास यात्रा में सहभागी बनें।
उन्होंने कहा कि यात्रियों के हित में ऐसा पब्लिक ट्रांसपोर्ट मॉडल तैयार किया जाए जो पूरे देश के लिए उदाहरण बने। मुख्यमंत्री इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित यात्री परिवहन विजन समिट-2026 के शुभारंभ सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विजन समिट की स्मारिका और मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा पुस्तिका का विमोचन भी किया।
टेक्नोलॉजी और मोबिलिटी पर जोर
कार्यक्रम में सार्वजनिक परिवहन तक आम नागरिकों की पहुंच आसान बनाने और फर्स्ट-माइल तथा लास्ट-माइल कनेक्टिविटी के लिए साझेदारी पर भी जोर दिया गया। साथ ही MP Mobility Innovation Challenge 2026 का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन के तहत स्मार्ट, सुरक्षित और समावेशी मोबिलिटी इकोसिस्टम तैयार करने में नागरिकों, शैक्षणिक संस्थानों और नवप्रवर्तकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही गई।

