नई दिल्ली: वंदे भारत में सिगरेट पीना पड़ा भारी, स्मोक सेंसर ने पकड़ा युवक
नई दिल्ली, वंदे भारत एक्सप्रेस के बाथरूम में चोरी-छिपे सिगरेट पीना एक यात्री को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि बाथरूम में धुआं होने के बाद ट्रेन के वंदे भारत एक्सप्रेस स्मोक डिटेक्शन सिस्टम ने इसकी जानकारी रेलवे स्टाफ को दे दी। इसके बाद टीटीई ने यात्री को पकड़ लिया। सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक, यह घटना जयपुर की ओर जा रही वंदे भारत ट्रेन की बताई जा रही है।
वीडियो में युवक अपनी गलती मानते हुए कान पकड़कर माफी मांगता दिखाई देता है। टीटीई ने उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया। पोस्ट के मुताबिक अलर्ट के बाद ट्रेन को रोकना पड़ा और युवक को पकड़ा गया। जब फाइन की बात हुई तो उसने कान पकड़कर अपनी गलती की माफी मांगी। हालांकि वीडियो में यात्री कह रहे हैं कि चालान कटना चाहिए और नियम सभी के लिए बराबर हैं।
वंदे भारत में स्मोक डिटेक्शन सिस्टम
वंदे भारत ट्रेनों में आधुनिक सुरक्षा और निगरानी सिस्टम लगाए गए हैं। इनमें स्मोक डिटेक्शन सिस्टम भी शामिल है। धुएं का पता चलते ही ड्राइवर के डिस्प्ले या कोच कंट्रोल सिस्टम में संकेत मिल सकता है और इससे संबंधित वेंटिलेशन सिस्टम भी सक्रिय हो सकता है।
यानी किसी यात्री को यह नहीं सोचना चाहिए कि बंद बाथरूम में जाकर सिगरेट पीने से वह आसानी से बच जाएगा। वंदे भारत एक्सप्रेस के बाथरूम पुराने ट्रेनों के पारंपरिक सिस्टम से अलग आधुनिक बायो-वैक्यूम टॉयलेट सिस्टम से लैस हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस में आधुनिक स्मोक डिटेक्शन सिस्टम और निगरानी व्यवस्था के कारण धुएं का पता लगाना संभव है।

