बिना क्रेडिट कार्ड के कैसे बेहतर करें क्रेडिट स्कोर? जानें एकदम आसान तरीका

बिना क्रेडिट कार्ड क्रेडिट स्कोर बेहतर करने के तरीके

क्रेडिट स्कोर क्यों जरूरी है?

जब भी आप कोई लोन लेने जाते हैं या फिर क्रेडिट कार्ड से किसी सामान को फाइनेंस कराते हैं, तो बैंक आपसे सबसे पहले क्रेडिट स्कोर के बारे में पूछता है। वह आपके इस स्कोर को चेक करता है। क्रेडिट स्कोर लोन लेने के लिए काफी जरूरी होता है। यह बैंक को आपकी वित्तीय लेनदेन की जानकारी और हिस्ट्री के बारे में बताता है और आप पर बैंक के विश्वास को लेकर भी अहम जानकारी देता है।

यह स्कोर बताता है कि आप लोन को चुकाने में कितने सक्षम हैं। अब सवाल यह है कि अगर आपके पास क्रेडिट कार्ड नहीं है तो आप अपने क्रेडिट स्कोर को कैसे अच्छा या बेहतर बना सकते हैं। इसके लिए क्रेडिट कार्ड होना जरूरी नहीं है। हमारे सहयोगी ईटी के अनुसार, अच्छा क्रेडिट स्कोर होने से लोन और क्रेडिट कार्ड मिलना आसान हो जाता है। लेकिन क्रेडिट कार्ड न होने का मतलब यह नहीं है कि आप क्रेडिट हिस्ट्री नहीं बना सकते। अगर आप पहली बार लोन ले रहे हैं, तो भी पेमेंट का रिकॉर्ड बनाने के कई तरीके हैं।

छोटी खरीदारी और समय पर भुगतान से बनाएं रिकॉर्ड

क्रेडिट हिस्ट्री बनाने के लिए छोटी खरीदारी से शुरुआत की जा सकती है। अगर आपको मोबाइल, लैपटॉप या घर का कोई जरूरी सामान खरीदना है, तो उस खरीदारी पर फाइनेंसिंग के माध्यम से पेमेंट करना क्रेडिट हिस्ट्री बनाने की शुरुआत का एक तरीका हो सकता है। हालांकि, यह तभी काम करता है जब लेंडर या फाइनेंसिंग कंपनी पेमेंट की जानकारी क्रेडिट ब्यूरो को देती है।

इस दौरान सबसे जरूरी बात यह है कि हर पेमेंट को समय पर चुकाया जाए। पेमेंट छूटने या देर से होने पर आपकी क्रेडिट हिस्ट्री पर बुरा असर पड़ सकता है। अगर आपके पास पहले से लोन है तो आप उसका भुगतान समय पर करके भी अपने क्रेडिट स्कोर को बेहतर बना सकते हैं। जब लेंडर क्रेडिट ब्यूरो को आपके अकाउंट की जानकारी देता है, तो कार लोन या कोई दूसरा योग्य लोन भी आपकी क्रेडिट हिस्ट्री का हिस्सा बन सकता है।

FD के बदले सिक्योर्ड क्रेडिट कार्ड भी विकल्प

अगर आपके पास फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD है तो उसके बदले सिक्योर्ड क्रेडिट कार्ड लेने पर भी अपने क्रेडिट स्कोर को सुधार सकते हैं और अच्छा बना सकते हैं। ऐसा कार्ड आपकी डिपॉजिट की सिक्योरिटी पर जारी किया जाता है और यह उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है जिनकी क्रेडिट हिस्ट्री बहुत कम या बिल्कुल नहीं है। आप इस कार्ड का इस्तेमाल छोटी-मोटी, पहले से तय खरीदारी के लिए कर सकते हैं।

और हर महीने बकाया बिल का पूरा भुगतान समय पर कर सकते हैं। अगर कार्ड जारी करने वाली कंपनी क्रेडिट ब्यूरो को आपके भुगतान की जानकारी देती है, तो ये भुगतान आपकी क्रेडिट हिस्ट्री को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं। हालांकि, रातों-रात क्रेडिट स्कोर बेहतर नहीं होता। इसमें समय लगता है। क्रेडिट हिस्ट्री बनाने के लिए आम तौर पर कई महीनों तक जिम्मेदारी से लोन चुकाने की जरूरत होती है। अगर आपके पास क्रेडिट कार्ड नहीं है, तो भी सही लोन या सिक्योर्ड क्रेडिट कार्ड के जरिए क्रेडिट रिकॉर्ड बनाया जा सकता है। जरूरी बात यह है कि वही लोन लें जिसकी आपको सच में जरूरत हो, जिसका पेमेंट आसान हो और हर डेट से पहले भुगतान कर दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *