MP हाईकोर्ट को मिला नया चीफ जस्टिस, जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे ने ली शपथ

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अल्पेश कोगजे

जस्टिस अल्पेश कोगजे ने ली शपथ

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे ने गुरुवार को भोपाल स्थित लोक भवन में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के 30वें चीफ जस्टिस के रूप में शपथ ली। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

करीब तीन महीने बाद मिला स्थायी चीफ जस्टिस

जस्टिस कोगजे की नियुक्ति के साथ मध्य प्रदेश हाईकोर्ट को करीब तीन महीने बाद स्थायी मुख्य न्यायाधीश मिला है। इससे पहले जस्टिस विवेक रूसिया कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 31 अगस्त 2026 को जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे के नाम की सिफारिश की थी। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद केंद्र सरकार ने नियुक्ति की अधिसूचना जारी की।

जस्टिस कोगजे का जन्म 6 जुलाई 1969 को हुआ था। उन्होंने केमिस्ट्री में BSc और इसके बाद LLB की पढ़ाई की। उन्होंने गुजरात में वकालत शुरू की और करीब 33 वर्षों के कानूनी करियर के बाद न्यायपालिका के शीर्ष पदों तक पहुंचे। 6 अप्रैल 2016 को उन्हें गुजरात हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। बाद में 15 मार्च 2017 को उन्हें स्थायी न्यायाधीश बनाया गया।

आपराधिक और सेवा मामलों की सुनवाई

जस्टिस कोगजे ने अपने न्यायिक करियर के दौरान आपराधिक, सेवा, श्रम और अन्य महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई की है। वकालत के दौरान उन्होंने असिस्टेंट गवर्नमेंट प्लीडर, एडिशनल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर और विभिन्न सरकारी मामलों में स्टैंडिंग काउंसल के रूप में भी काम किया। उन्होंने गुजरात सरकार से जुड़े संवेदनशील मामलों में पैरवी की और विशेष जांच टीम तथा विशेष लोक अभियोजन से जुड़े दायित्व भी संभाले। अब जस्टिस अल्पेश कोगजे के नेतृत्व में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट काम करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *